बरेली , अक्टूबर 01 -- देश में प्रमुख कारोबारी ग्रुप बीएल एग्रो ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लंबी छलांग लगाई है। बीएल एग्रो ग्रुप तंजानिया में 7000 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं पर निवेश करेगा। इसके तहत खाद्य तेल, डेयरी, कृषि, पशुपालन, अनुसंधान और रक्षा क्षेत्र में ग्रुप ने तैयारी शुरू कर दी है।

पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल तंजानिया रवाना हो गया है। वहां पर विभिन्न स्थानों पर सरकार और स्थानीय कारोबारियों से अलग-अलग बैठकें होंगी। इसका दौर 03 अक्टूबर तक चलेगा।

ग्रुप प्रबंध निदेशक आशीष खंडेलवाल ने बताया तंजानिया सरकार ने सहमति पत्र जारी किया है। दोनों देशों की ओर से विशेषज्ञ बैठक आयोजित कराएंगे। उन्होंने बताया बीएल एग्रो ग्रुप तंजानिया में ऐसा दीर्घकालिक निवेश स्थापित करना चाहता है। जिससे औद्योगिकीकरण, रोजगार सृजन, कृषि विकास, पशुपालन, तकनीकी हस्तांतरण और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिल सके।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि प्रस्तावित योजना केवल पूंजी निवेश तक सीमित नहीं है। ग्रुप ने तंजानिया में कृषि उत्पादन, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण और औद्योगिक गतिविधियों को एक साथ जोड़कर दीर्घकालिक कारोबारी ढांचा विकसित करने की दिशा में रुचि दिखाई है। कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग और स्थानीय किसानों के साथ सहयोग से कृषि आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, डेयरी और खाद्य तेल क्षेत्र में प्रोसेसिंग सुविधाओं से स्थानीय वैल्यू एडिशन बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया अगले वर्ष ग्रुप 10,000 रुपये का आईपीओ भी जारी करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित