चंडीगढ़ , जुलाई 07 -- पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने मंगलवार को कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी या उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पटियाला और बरनाला में बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गयी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पटियाला में बूथ संख्या-113 के बीएलओ पर आनंद नगर निवासी एक व्यक्ति ने एसआईआर अभियान के दौरान जानकारी मांगने पर हमला कर दिया। इस मामले में त्रिपुरी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 115(2), 351(3), 221 और 132 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इसी तरह बरनाला जिले के धनौला के अकालगढ़ कोठे स्थित बूथ संख्या-103 के बीएलओ के साथ भी विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान एक व्यक्ति ने गाली-गलौज और मारपीट की। इस संबंध में धनौला थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 132, 221 और 115(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

सुश्री मित्रा ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम किये जाये। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से भी अपील की कि वे बीएलओ को पूरा सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से पूरा हो सके तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित