नयी दिल्ली , जुलाई 28 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस के बीएलए-2 एवं कार्यकर्ता चुनाव आयोग की मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की हरसंभव सहायता कर रहे हैं और लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी के रूप में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
श्री यादव ने बाबरपुर जिले में एसआईआर सहायता शिविर के उद्घाटन के दौरान यह बात कही। उन्होंने जिला अध्यक्ष राजकुमार जैन को जनहित में इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि सहायता शिविर संगठन की मजबूती और जनसेवा की दिशा में सकारात्मक कदम है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के बीएलए-2 पिछले 25 दिनों से दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर एसआईआर फॉर्म भरवाने और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पांच-पांच सदस्यीय टीम बनाकर शेष घरों तक पहुंचने और 08 अगस्त तक अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 20 ब्लॉकों में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और बीएलए-2 के माध्यम से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से मतदाताओं की सहायता की जायेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अब्दुल रहमान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित