जहानाबाद , अगस्त 12 -- जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र अंतर्गत औलिया चक गांव के समीप बुधवार को तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार और बाइक के बीच सीधी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में मार गए बाइक सवार की पहचान तिवारी बीघा गांव निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है।

इस दुर्घटना के चश्मदीद ग्रामीणों ने बताया कि बाइक पर सवार तीनों युवक किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार संजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्धटना में दो लोग घायल हो गये हैं, जिनकी पहचान अनीश कुमार और भुरु यादव के रूप में हुई है। दोनों घायलों का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार होने के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक संजय कुमार बाहर रहकर काम करते थे और धान रोपनी के लिए हाल ही में अपने गांव आए थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।

काको थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक भी काको थाना क्षेत्र के आसपास का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित