ढाका , अगस्त 13 -- बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को बंगलादेश के अगले राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है।

बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त सचिव जनरल रूहूल कबीर रिजवी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद श्री फखरुल के नामांकन की घोषणा की।

श्री रिजवी ने कहा, "मुझे बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी की ओर से यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे समर्पित सचिव जनरल मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बीएनपी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बन गए हैं।" उल्लेखनीय है कि बंगलादेश के 23वें राष्ट्रपति के रूप में श्री फखरुल का चुनाव लगभग तय है क्योंकि सत्ताधारी बीएनपी और उसके सहयोगियों के पास संसद में भारी बहुमत (249 वोट) हैं।

दूसरी ओर जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष कर्नल (अवकाशप्राप्त) ओली अहमद को नामांकित किया है लेकिन इस गुट के पास केवल 90 वोट हैं, जिससे श्री फखरुल की उम्मीदवारी को चुनौती मिलने की संभावना कम है।

श्री रिजवी ने बताया कि नामांकन के बाद श्री फखरुल ने बीएनपी के महासचिव और पार्टी की स्थायी समिति से इस्तीफा दे दिया। वह अभी स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास और सहकारी मामलों के मंत्री भी हैं इसलिए पार्टी के भीतर इन दोनों पदों पर उनके उत्तराधिकारियों को लेकर चर्चा हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित