बागपत , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के कस्बा खेकड़ा निवासी तनीषा धामा ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से बीएड की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तनीषा ने विश्वविद्यालय स्तर पर द्वितीय रैंक हासिल की है, वहीं, जनपद बागपत में प्रथम स्थान प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया है।

कस्बे के दिगंबर जैन बालिका विद्यापीठ से तनीषा ने बीएड उत्तीर्ण किया है। इसमें 1400 में से 1181 अंक प्राप्त कर 84.35 प्रतिशत अंक के साथ सफलता हासिल की। इससे उसे चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान और बागपत जिले में पहला स्थान मिला है।

तनीषा के पिता नरेन्द्र धामा सांकरौद गांव के जनता हाई स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है।परिणाम घोषित होने के बाद से ही तनीषा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। कस्बे के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद्, रिश्तेदार और शुभचिंतक लगातार घर पहुंचकर तनीषा और उनके परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

लोगों का कहना है कि तनीषा की यह उपलब्धि खेकड़ा की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी मेहनत और लगन ने साबित कर दिया कि छोटे कस्बों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। तनीषा आगे शिक्षा के क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित