गौतमबुद्धनगर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पूर्ण सुचिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जहां उनके द्वारा जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि,बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग परीक्षा से पूर्व अपनी तैयारियां मानकों के अनुरूप पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी देखा जाए कि परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या पाए जाने पर तत्काल समाधान कराया जाए।
एडीएम न्यायिक ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन का गहन अध्ययन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाने दिया जाए।
बैठक के दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्रोफेसरों द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित