महासमुंद , मई 14 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद स्थित श्याम बालाजी कॉलेज के बीएड छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने, मानसिक प्रताड़ना देने और दस्तावेज रोकने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

सत्र 2023-25 के बीएड छात्र-छात्राओं ने सामूहिक शिकायत में आरोप लगाया है कि कॉलेज प्रशासन ने प्रत्येक छात्र से फीस के नाम पर 20-20 हजार रुपये अतिरिक्त वसूले। छात्रों के अनुसार दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम के लिए प्रति वर्ष 31 हजार रुपये के हिसाब से कुल 62 हजार रुपये फीस निर्धारित थी लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने एक-एक छात्र से करीब एक लाख दो हजार रुपये वसूले, जबकि रसीद केवल 62 हजार रुपये की दी गई।

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कम उपस्थिति होने पर प्रति सेमेस्टर 25 हजार रुपये तक जुर्माना लिया गया। अतिरिक्त राशि नहीं देने वाले छात्रों की मार्कशीट, ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) और अन्य दस्तावेज रोक दिए गए हैं।

छात्र तन्मय गजपाल और छात्रा वंदना गोयल ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा लंबे समय से आर्थिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

छात्रों ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि कुछ दिन पूर्व एक छात्रा द्वारा की गई शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए थे, जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने संबंधित छात्रा की राशि वापस की थी। इस बार भी एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।

इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन ने मीडिया के कैमरे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित