वाराणसी , अप्रैल 13 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वरिष्ठ प्रोफेसर तथा वर्तमान में बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में बीएचयू की एक विशेषज्ञ शोध टीम ने डेयरी विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
टीम ने फ्रीज-ड्राइड स्ट्रॉबेरी पाउडर का उपयोग कर एक विशेष प्रकार का 'सेट दही' विकसित किया है, जिसका शोध पत्र उच्च इम्पैक्ट फैक्टर (6.2) वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल 'एप्लाइड फूड रिसर्च' (एल्सेवियर) में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ है।
अत्याधुनिक 'मेटाबोलॉमिक्स' तकनीक के माध्यम से इस दही में 34 शक्तिशाली बायोएक्टिव यौगिकों की पहचान की गई है, जिनमें अल्फा-लिनोलेनिक एसिड और एलाजिक एसिड प्रमुख हैं। ये यौगिक कैंसर प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, सूजन कम करने तथा हृदय स्वास्थ्य को सुधारने में सहायक सिद्ध होते हैं। शोध में यह भी पाया गया कि दही में 8 प्रतिशत स्ट्रॉबेरी पाउडर का मिश्रण स्वाद, रंग और पोषण मूल्य के दृष्टिकोण से सबसे उत्तम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित