वाराणसी , अक्टूबर 16 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शुक्रवार को पहले अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सम सेमेस्टर परीक्षाओं में 8.5 या उससे अधिक सीजीपीए हासिल कर अपने पाठ्यक्रमों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 332 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 से शुरू की गई इस पहल के तहत हर साल स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर करीब 500 पुरस्कार देने की घोषणा की है।

समारोह में 173 स्नातक और 159 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें कला संकाय के सर्वाधिक 92, विज्ञान संस्थान के 78 तथा कृषि संकाय और संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के 29-29 विद्यार्थी शामिल रहे।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य शैक्षणिक उपलब्धियों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों के केंद्र में लाना और विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान परिसर में अध्ययनरत रहते हुए किया जाना चाहिए, ताकि दूसरे विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा मिले।

छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पुरस्कारों का वितरण दो चरणों में किया जाएगा। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अपर परीक्षा नियंता प्रो. जी.पी. सिंह ने इसे विश्वविद्यालय में उत्कृष्टता की संस्कृति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित