वाराणसी , अप्रैल 19 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के बिड़ला छात्रावास के छात्र शनिवार रात अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों पर छात्रावास से पत्थरबाजी कर दी गई, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। बाद में पुलिस पहुंची और सभी छात्रों को उनके कमरों में भेज दिया।

छात्रों द्वारा प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए। बातचीत के बाद छात्रों को छात्रावास वापस भेज दिया गया था। छात्रों का आरोप था कि छात्रावास में वॉटर कूलर और आरओ खराब पड़े हैं, शौचालयों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है, कैंपस में लाइट की कमी है, पानी की टंकी की नियमित सफाई नहीं हो रही है। साथ ही उन्होंने जिम और लाइब्रेरी की व्यवस्था करने, छात्रावास में नियमित सफाई और कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की थी। इन्हीं मांगों को लेकर छात्र प्रदर्शन करते हुए छात्रावास के बाहर आ गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित