वाराणसी , अक्टूबर 02 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में छात्रों की सुरक्षा, परिसर की व्यवस्था और अन्य बुनियादी समस्याओं से जुड़ी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बीएचयू इकाई का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को दसवें दिन भी जारी रहा।

मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के विरोध में अभाविप कार्यकर्ताओं ने विश्वनाथ मंदिर परिसर के समीप प्रतीकात्मक शव प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से शव बनकर लेटे और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

बीएचयू इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि दस दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद छात्रों की मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे तथा परिसर में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने, अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने तथा मधुबन पार्क की स्वच्छता एवं रखरखाव सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

अभाविप ने चीफ प्रॉक्टर एवं प्रॉक्टोरियल बोर्ड के संबंध में कार्रवाई, छात्रों पर दर्ज मामलों की समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक निर्णयों में पारदर्शिता समेत अन्य मांगें रखी हैं। संगठन ने कहा कि मांगों पर संतोषजनक निर्णय होने तक धरना जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित