वाराणसी , अगस्त 13 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में गुरुवार को एक कुत्ते के हमले में 11 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने किसी तरह बालक को कुत्ते के चंगुल से बचाया और उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद लहूलुहान अवस्था में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसके शरीर पर एक दर्जन से अधिक टांके लगाए गए।

सूत्रों के अनुसार, घायल बालक के पिता आईएमएस-बीएचयू में वरिष्ठ नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने घटना की लिखित सूचना बीएचयू प्रशासन को भी दी है। परिवार बीएचयू स्थित जोधपुर कॉलोनी में रहता है। बताया गया कि बालक घर से टहलने निकला था, तभी कुछ ही दूरी पर एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।

परिजनों के अनुसार, बालक के शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हैं। उसके चेहरे और सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमला करने वाला कुत्ता किसी का पालतू हो सकता है। फिलहाल घटना की पुष्टि और कुत्ते की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित