वाराणसी , अप्रैल 08 -- बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के बीए एलएलबी के छात्र प्रशांत राज और हर्ष कुमार ने आरोप लगाया है कि चाणक्य छात्रावास में मंगलवार की रात कानपुर में तैनात दरोगा मनोज कुमार, मोहित कुमार और एलएलबी के ही छात्र प्रशांत कुमार ने आये और उनके साथ मारपीट की और धमकी दी।
देर रात तहरीर मिलने के बाद लंका पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 333, 131, 352 और 353(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित छात्र ने बताया कि पूरा मामला सीसीटीवी में रिकॉर्ड है। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर और वार्डन को भी घटना की जानकारी दे दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रशांत कुमार भी प्रशांत राज के साथ ही बीए एलएलबी की पढ़ाई करता है और उसी छात्रावास में रहता है। किसी बात को लेकर प्रशांत राज, हर्ष कुमार और प्रशांत कुमार के बीच पहले से ही कहा-सुनी चल रही थी।
प्रशांत कुमार ने कानपुर में दरोगा पद पर तैनात अपने भाई मनोज कुमार को बुला लिया, जिसके बाद मारपीट की यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित