भोपाल , सितंबर 17 -- बीएचईएल भोपाल में विश्वकर्मा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने कारखाने के विभिन्न ब्लॉकों और एनेक्सियों द्वारा तैयार की गई झांकियों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। कर्मचारियों ने मशीनों और कलपुर्जों की विधिवत पूजा एवं हवन किया तथा प्रसाद वितरित किया।
श्री उपाध्याय ने कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीएचईएल का कर्मचारी हर कार्य करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि वर्ष के टर्नओवर लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को एक टीम के रूप में समान उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ मेहनत करनी होगी।
इस अवसर पर भेकनिस के अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम), उपाध्यक्ष आशीष औरंगाबादकर, महाप्रबंधक (वैक्स एवं एमओडी), सभी महाप्रबंधक, यूनियन के प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। इस वर्ष विश्वकर्मा जयंती पर कारखाने के विभिन्न विनिर्माण खंडों में बीएचईएल की थीम ''अब भविष्य में बीएचईएल ऐसे भी हो दक्ष, सौर, पवन, जल, परमाणु, हाइड्रोजन हो लक्ष्य'' पर झांकियां तैयार की गईं।
भेकनिस की चयनित समिति द्वारा झांकी के लिए उत्पाद श्रेणी में एसटीएम को प्रथम और एसडब्ल्यूएम को द्वितीय पुरस्कार मिला। सर्विस ग्रुप में सीआईएम प्रथम, पीआरएम द्वितीय तथा एचआरडी एवं डब्ल्यूईएक्स को तृतीय पुरस्कार मिला। 5एस श्रेणी में उत्पाद ग्रुप में एसडब्ल्यूएम प्रथम, एसटीएम द्वितीय तथा एचसीएम एवं एनटीबी तृतीय रहे। सर्विसेस ग्रुप में सीआईएम को प्रथम, टीजीएम को द्वितीय तथा एफवाईएम एवं पीआरएम को तृतीय पुरस्कार मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित