भोपाल , सितंबर 19 -- भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने शनिवार को भारतीय नौसेना को स्वदेशी तकनीक से विकसित डब्ल्यूआरपीएस लोकल कंट्रोल पैनल सौंपा है।
बीएचईएल भोपाल में आयोजित समारोह में कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने महाप्रबंधक (स्विचगियर) टी. यू. सिंह की उपस्थिति में भारतीय नौसेना के ग्राहक प्रतिनिधि कमांडर अनमोल जैन को यह पैनल सौंपा।
श्री उपाध्याय ने इस उपलब्धि के लिए परियोजना से जुड़ी पूरी टीम को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, समर्पण और तकनीकी क्षमता की सराहना की। उन्होंने आगामी इकाइयों के निर्माण को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए टीम पर विश्वास व्यक्त किया।
बीएचईएल की विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्र सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान के तहत डब्ल्यूआरपीएस लोकल कंट्रोल पैनल का निर्माण और सुपुर्दगी सामरिक नौसैनिक क्षेत्र में स्वदेशी प्रौद्योगिकी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह प्रथम प्रकार की स्वदेशी प्रणाली है, जिसका सफल विकास बीएचईएल की इंजीनियरिंग एवं तकनीकी क्षमता तथा नवाचार को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित