हैदराबाद , अगस्त 02 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है, जिसमें उन्होंने इंजीनियरिंग छात्रों को 'क्रिमिनल वेस्ट' (प्रतिभा, समय या संसाधनों की आपराधिक बरबादी) कहा था।
श्री रामा राव ने मुख्यमंत्री के बयान से लाखों छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों का अपमान होने की बात करते हुए श्री राहुल गांधी को लिखे चार पन्नों के पत्र में पूछा है कि क्या मुख्यमंत्री की ये टिप्पणियां छात्रों, इंजीनियरों और युवाओं के बारे में कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक रुख को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने पार्टी के लिए प्रचार किया और श्री रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री चुना।
उन्होंने श्री राहुल गांधी की चुप्पी को मुख्यमंत्री की टिप्पणियों का समर्थन करने के बराबर माना और कहा कि इंजीनियरिंग छात्रों को 'क्रिमिनल वेस्ट' कहना इंजीनियरिंग पेशे का सीधा अपमान है और इससे मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा भी कम होती है।
बीआरएस नेता ने आरोप लगाया कि ये टिप्पणियां कांग्रेस सरकार द्वारा छात्रों और युवाओं के अपमान के लगातार जारी रहने वाले पैटर्न का हिस्सा हैं और श्री रेवंत रेड्डी द्वारा विश्वविद्यालय के छात्रों, युवाओं और शिक्षक समुदाय के खिलाफ पहले की गई टिप्पणियों की चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित