हैदराबाद , मई 31 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी निशाना साधते हुए सवाल किया कि 2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान तेलंगाना के ऑटो चालकों से किए गए वादे पूरे करने में कथित तौर पर वे क्यों नाकाम रहे।
श्री रामा राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट मेंकहा कि दिल्ली में बड़े-बड़े नए वादे करने से पहले वे (श्री गांधी) यह बताएं कि तेलंगाना के ऑटो चालकों को दिए गये आश्वासनों का क्या हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऑटो चालकों के लिए एक कल्याण बोर्ड बनाने और हर चालक को सालाना 12,000 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस के शासन के 30 महीने बीत जाने के बाद भी इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया है।
बीआरएस नेता ने दावा किया कि तेलंगाना में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से 100 से ज़्यादा ऑटो चालकों ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कांग्रेस पर ऑटो चालकों के कल्याण की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित