पटना , मार्च 21 -- बिहार राज्य के 114वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्कृति, कला और नवाचार के भव्य उत्सव का शुभारंभ 22 मार्च को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा।
तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन का मुख्य स्थल पटना का गांधी मैदान होगा, जबकि समानांतर कार्यक्रम श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल और रवींद्र भवन में आयोजित किए जाएंगे।
इस आयोजन के दौरान तीन दिनों तक चलने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। 22 मार्च को सोना मोहपात्रा अपनी फ्यूज़न शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी, 23 मार्च को लोकप्रिय गायक शान अपनी मधुर आवाज़ से समां बांधेंगे, जबकि 24 मार्च को पापोन समापन समारोह को यादगार बनाएंगे।
शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे, वहीं दरभंगा घराना के मलिक ब्रदर्स और डुमरांव घराना के पंडित रामजी मिश्रा अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियों से शास्त्रीय संगीत की गरिमा को जीवंत करेंगे। अंतिम दिन ग़ज़ल और मुशायरे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका संयोजन अलोक राज करेंगे।
नृत्य, नाट्य और लोक कला के विविध रंग भी इस उत्सव में देखने को मिलेंगे। भिखारी ठाकुर के प्रसिद्ध लोकनाटक 'गबर घी चोर' का मंचन बिहार की लोक परंपरा को श्रद्धांजलि देगा। इसके साथ ही 'बुद्धचरित' नृत्य-नाटिका, डॉ. एन. विजयलक्ष्मी का भरतनाट्यम, रमिंदर खुराना और प्राची पल्लवी साहू का समकालीन एवं ओडिसी नृत्य, तथा चंदन तिवारी का लोक संगीत कार्यक्रम दर्शकों को आकर्षित करेगा।
हास्य और व्यंग्य के प्रेमियों के लिए 23 मार्च को सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जो दर्शकों को हंसी और विचार का अनूठा अनुभव देगा।
उल्लेखनीय है कि 22 मार्च 1912 को बिहार को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग कर एक स्वतंत्र प्रांत का दर्जा दिया गया था। इसी ऐतिहासिक अवसर को स्मरण करते हुए राज्य सरकार ने 'उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार' थीम के अंतर्गत तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया है, जिसका उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित