पटना , सितंबर 25 -- िहार में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने और गन्ना उद्योग को फिर से मजबूत करने के लिए सरकार ने कई योजनाओं और नई पहलों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बामेती, पटना में गन्ना किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। संगोष्ठी में किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज, यंत्रीकरण, गुड़ उत्पादन और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
मंत्री ने कहा कि बिहार से पलायन रोकने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को खेत तक गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्र उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने पिछले वर्षों में गन्ने की खेती कम कर दी थी, उन्हें फिर से इस फसल की ओर लाने के लिए विभाग स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। वैज्ञानिकों और विशेषज्ञ संस्थानों की मदद से कम जमीन में अधिक उत्पादन की तकनीक किसानों तक पहुंचाई जाएगी।
संगोष्ठी के दौरान गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार द्वारा गन्ना यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत जहानाबाद जिले के मोदनगंज प्रखंड के कृषक कौशल कुमार को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई। वहीं, कृषक बबलू कुमार को पावर वीडर प्रदान करने के लिये अनुमति-पत्र दिया गया।
मंत्री ने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता से किसानों की खेती की लागत एवं श्रम में कमी आएगी तथा गन्ने की खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित