बिहटा , अगस्त 08 -- बिहार के जीआई टैग प्राप्त मिथिला मखाना की पहली व्यावसायिक समुद्री खेप ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना की गयी है।
कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से यहां के बिहाडा औद्योगिक क्षेत्र से 18 टन मखाने की यह खेप भेजी गयी। दरभंगा जिले के मखाना किसानों से सीधे खरीदे गये इस मखाने की खेप को बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यहां शनिवार को जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसमें बताया गया है कि इस निर्यात के कारण किसानों को बाजार के रेटों की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत अधिक दाम मिले हैं। एपीडा के अनुसार इस निर्यात से मिथिला मखाना को वैश्विक स्तर पर नयी पहचान मिलेगी और राज्य के मखाना क्षेत्र में स्थायी निर्यात के अवसर बनेंगे।
श्री सिन्हा ने वैश्विक मानकों की गुणवत्ता बनाये रखने पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्पादकों, प्रसंस्करणकर्ताओं और निर्यातकों की मदद के लिए मखाना मूल्य श्रृंखला को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने मखाना प्रसंस्करण में जुड़े फोरी समुदाय के पारंपारिक कौशल की सराहना करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
कुल मखाना उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी लगभग 85 प्रतिशत है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अमेरिका, मध्य पूर्व और अफ्रीका सहित 20 से अधिक देशों को 7,000 टन से अधिक मखाना और उससे बने उत्पादों का निर्यात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित