प्रयागराज , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रयागराज में बिहार से अवैध हथियार लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार अवैध .32 बोर पिस्टल, आठ मैगजीन, एक मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुनाल पांडेय उर्फ शिवम पांडेय निवासी ग्राम औरा बरौत, थाना हण्डिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। उसे सोमवार देर शाम भीटी रेलवे क्रॉसिंग, टेला-बरौत रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ ने एक बयान जारी कर बताया कि पिछले कई दिनों से बिहार से अवैध हथियार लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में एसटीएफ टीम लगातार खुफिया जानकारी जुटा रही थी।
सोमवार को सूचना मिली कि गिरोह का सरगना बड़ी संख्या में अवैध पिस्टल लेकर बुलेट मोटरसाइकिल से बरौत बाजार आने वाला है। सूचना की पुष्टि होने पर एसटीएफ ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से अवैध हथियारों की तस्करी कर रहा है। वह बिहार के पटना स्थित राजेंद्र नगर क्षेत्र से प्रत्येक पिस्टल लगभग 30 हजार रुपये में खरीदता था और उत्तर प्रदेश में 35 से 40 हजार रुपये प्रति पिस्टल में बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि हथियारों की तस्करी के लिए वह हमेशा बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि 11 जुलाई 2024 को उसे उसके दो साथियों वसीम मोहम्मद और राम प्रसाद पाण्डेय के साथ नैनी थाना पुलिस ने 10 अवैध पिस्टल और छह कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। उस मामले में वह जेल भी जा चुका है।
एसटीएफ की तहरीर पर थाना हण्डिया में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक किन-किन लोगों को अवैध हथियारों की आपूर्ति की है तथा उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित