पटना , जून 08 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और कहा कि बिहार सरकार प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से काम कर रही है और इस दिशा में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गये हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्कृत शिक्षा बोर्ड एवं मदरसा बोर्ड में नियुक्तियों से संबंधित मामलों में जांच पूरी होने तक नई नियुक्तियों पर रोक रहेगी।

बैठक के दौरान बिहार राज्य शैक्षिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के अंतर्गत संचालित सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, प्रभावी निगरानी तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन पर विशेष बल दिया, जिससे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना का विकास सुनिश्चित किया जा सके।

मंत्री ने मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित एवं गहन निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही केंद्रीकृत रसोईघरों का भी समयबद्ध निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित