पटना , सितंबर 16 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के आरा सांसद सुदामा प्रसाद ने बुधवार को कहा कि बिहार में बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं और सरकार को राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने के साथ लोगी को हुई क्षति का मुआवजा देना चाहिए।

श्री प्रसाद ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य के 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से हुई मौतों का जिला एवं प्रखंडवार आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाकपा-माले ने भोजपुर, भागलपुर और पटना ग्रामीण के प्रभावित इलाकों में मौतों से संबंधित आंकड़े जुटाये हैं। पार्टी के अनुसार भोजपुर में अब तक 24, भागलपुर में 10 और पुनपुन प्रखंड में 10 लोगों की बाढ़ के कारण मौत की जानकारी मिली है।

सांसद ने कहा कि भागलपुर जिला प्रशासन की ओर से 12 सितंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार जिले की 114 पंचायतों के 456 गांव बाढ़ से प्रभावित थे और करीब नौ लाख 15 हजार लोग इसकी चपेट में थे। बड़ी संख्या में घरों में पानी प्रवेश कर गया है और फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित