पटना , मई 30 -- बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के विभिन्न आरोपों के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के दो अधिकारियों अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, विशेष सतर्कता इकाई (एसवीयू) की रिपोर्ट, प्रवर्तन संबंधी अभिलेखों, बयानों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इन साक्ष्यों में कथित रूप से रिश्वत, कमीशन और अनुचित वित्तीय लाभ स्वीकार करने के आरोप सामने आए हैं।

2017 बैच के आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर, जो वर्तमान में समाज कल्याण विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत हैं, इससे पहले बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (ब्यूडको) के प्रबंध निदेशक रह चुके हैं। वहीं 2014 बैच की आईएएस अधिकारी अभिलाषा शर्मा कार्रवाई के समय जीविका परियोजना की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत थीं।

अधिसूचना में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय पटना स्थित सामान्य प्रशासन विभाग रहेगा। उन्हें अखिल भारतीय सेवाएं (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1969 के प्रावधानों के तहत जीवन-निर्वाह भत्ता (सब्सिस्टेंस अलाउंस) दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित