पटना, जून 18 -- बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने गुरुवार को प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति शुरू से ही 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है।

श्री चौधरी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए राज्य सरकार लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा प्रदेश में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी. डॉ. श्वेता गुप्ता एवं मदन सहनी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और जनसामान्य से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत, पारदर्शी एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, कूटनीतिक प्रभाव और सामरिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आज विश्व मंच पर भारत की आवाज पहले से अधिक प्रभावशाली हुई है तथा प्रधानमंत्री श्री मोदी की दूरदर्शी विदेश नीति की सराहना दुनिया के अनेक राष्ट्राध्यक्ष और वैश्विक नेता कर रहे हैं।

मंत्री मदन सहनी ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून प्रभावी रूप से लागू है और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि एनडीए सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सुशासन और समावेशी विकास के विजन के अनुरूप राज्य के हर वर्ग और हर क्षेत्र तक विकास की रोशनी पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित