, July 12 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बाबा गरीबनाथ तथा शहीद जुब्बा सहनी सहित जिले के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नमन किया। उन्होंने एम.आई.टी मुजफ्फरपुर के मैदान में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बुडको द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजनाओं तथा मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी योजना से जुड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है।उन्होंने कहा कि आज 673 योजनाओं का उद्घाटन तथा 309 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिससे शहरी आधारभूत संरचना, जल निकासी व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने कहा कि बिहार अब तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है और आधुनिक आधारभूत संरचना का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में 12 नए टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जिनमें मुजफ्फरपुर में तिरहुत टाउनशिप की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि पटना- मुजफ्फरपुर रैपिड रेल कॉरिडोर बनने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट रह जाएगा। वहीं हल्दिया-रक्सौल हाईवे के निर्माण से मुजफ्फरपुर की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी तथा व्यापार एवं आवागमन को नई गति मिलेगी मुजफ्फरपुर से लोग 6 घंटे में कोलकाता पहुँचेंगे।उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हैं, जिनके प्रयासों से सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर स्थित एम.आई.टी परिसर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा तथा बिहार के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 'रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म' के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और बिहार भी उसी गति से विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने कहा कि कभी विकास के मामले में पिछड़े माने जानेवाला बिहार आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित