, Aug. 27 -- संवाद के दौरान मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी समस्यायें एवं सुझाव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे निर्भीक होकर अपनी सारी बातें बतायें। कॉलेज और आपको शैक्षणिक क्षेत्र में किस चीज की आवश्यकता है, मगध महिला महाविद्यालय को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है। उन्होंने मगध महिला महाविद्यालय की शोधार्थी छात्राओं से संवाद के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री बालिका पी.एच.डी फेलोशिप योजना की शुरूआत की गयी है, जिससे अधिक से अधिक छात्रायें शोध कर सकें। शिक्षण संस्थान के पठन-पाठन के समय में पुलिस दीदी की तैनाती की गयी है, जिससे कोई असामाजिक गतिविधि न कर सके। बहन-बेटियां सुरक्षित होकर पढ़ाई करें। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बिहार के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिये सरकार सहयोग कर रही है। एक दिन में 211 डिग्री कॉलेज खोले गये हैं, जिससे अधिक से अधिक छात्र बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकें। 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों की शुरूआत की गयी है। विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से आप ऑनलाइन अपनी समस्यायें और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। समस्याओं का समाधान 30 दिनों के अंदर होगा। बिहार की बेटियों में ऐसी योग्यता और आत्मविश्वास आये कि वे सिर्फ रोजगार प्राप्त करनेवाली ही नहीं बल्कि रोजगार प्रदान करनेवाली बनें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'स्वर' पत्रिका का विमोचन किया।

एनसीसी की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

मुख्यमंत्री ने मगध महिला महाविद्यालय की महिला छात्रावास का भी निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी बच्चियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिये। शोधार्थी छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र भेंट किया और मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के लिये आभार व्यक्त किया। मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजय कुमार सिंह, मगध महिला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ.एन.पी.वर्मा सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्रायें उपस्थित थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित