, Aug. 24 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को दुनिया के फलक पर स्थापित करना सरकार के साथ-साथ हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिये।उन्होंने कहा कि फिल्मों के माध्यम से बिहार के सकारात्मक पक्ष को सभी के सामने लाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना है। बिहार में अमीर से लेकर गरीब व्यक्ति को बिजली सब्सिडी प्रदान की जा रही है। राज्य में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास पर भी काम हो रहा है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की यात्रा पहले की तुलना में काफी सुगम हुई है।मुख्यमंत्री ने भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों से आग्रह किया कि वे मिलकर बिहार में फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करें, फिल्म सिटी का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों में अभिनेता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रतिभा और क्षमता है, सरकार उन्हें बेहतर अवसर और आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार के लोग उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा करते हैं, जिसका सुंदर उदाहरण छठ पर्व में देखने को मिलता है। बिहार की यही विशिष्ट संस्कृति और जीवन-दृष्टि उसकी पहचान है। उन्होंने 'भोजपुरी बवाल' के सफल आयोजन की शुभकामना देते हुए कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लगभग 26 करोड़ लोगों और दुनिया भर के दर्शकों तक कार्यक्रम पहुंचना चाहिए। आप सभी कलाकार बिहार की सकारात्मक छवि को प्रस्तुत करें, बिहार की संस्कृति को आगे बढ़ायें और बिहार का ब्रांड एंबेसडर बनें। हम सब मिलकर बिहार को श्रेष्ठ, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
इस अवसर पर विधायक आलोक कुमार सिंह, अभिनेता एवं विधान पार्षद पवन सिंह, विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, पूर्व सांसद सह अभिनेता दिनेश लाल यादव, जियो स्टार की सीनियर वाइस प्रेसिंडेंट श्रीमती सीता लक्ष्मी वी. अय्यर, अभिनेत्री आम्रपाली, अभिनेत्री काजल राघवानी, पाखी हेगड़े, वरिष्ठ पत्रकार शुभांकर मिश्रा सहित भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े अनेक जाने-माने कलाकार एवं सितारे उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित