, Sept. 5 -- मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित कृषि क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए आकस्मिक फसल योजना तैयार करने, वैकल्पिक फसलों एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची को सम्पूर्ति पोर्टल पर लगातार अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया,जिससे पात्र परिवारों तक राहत एवं सहायता समय पर पहुंच सके।मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में शामिल होने से पूर्व बेगूसराय सदर प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित कैलाशपुर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर बाढ़ की स्थिति एवं राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर में कई स्थानों पर लगातार बढ़ोतरी हुई है। गंगा नदी में करीब 20 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है, जबकि सोन नदी में 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और आमलोगों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से होने वाली परेशानियों के स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य शुरू किया गया है। जिस प्रकार कोसी एवं गंडक नदी से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए कार्य किए गए हैं, उसी प्रकार गंगा नदी से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। गंगा नदी के तटबंधों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाएगा। गंगा नदी का पानी कई जगहों पर लगभग 20 किलोमीटर तक स्ट्रेच में फैल रहा है, जिसे सीमित करने के लिए आवश्यकता के अनुसार रिंग बांध एवं नए स्ट्रेच का निर्माण कराया जाएगा। गंगा नदी में गाद से संबंधित समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, सहकारिता मंत्री सह बेगूसराय जिला के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, विधायक रजनीश कुमार, विधायक नरेंद्र कुमार सिंह, विधायक कुंदन कुमार, बेगूसराय नगर निगम की महापौर श्रीमती पिंकी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष, मुंगेर के पुलिस अधीक्षक श्री सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भागलपुर के नवगछिया में राघोपुर तटबंध का निरीक्षण कर कटाव निरोधी कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तटबंध पर हुए कटाव एवं उसके बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली और आवश्यक निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित