, Aug. 2 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने नशामुक्ति के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में भी संस्था के साथ समन्वय और सहभागिता को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज ने भारत सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर कर नशामुक्ति का अभियान शुरू कर रही है। वह चाहते है कि बिहार सरकार के साथ भी यह एमओयू हो और नशामुक्ति अभियान को गांव, शहर, विद्यालय, महाविद्यालय और युवाओं तक व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाय। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना भी उन्हें नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करते हुए 211 डिग्री कॉलेजों की शुरूआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' जैसी महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान देश के करोड़ों युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जनभागीदारी और युवा शक्ति के माध्यम से नशामुक्त बिहार और नशामुक्त भारत का निर्माण करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।

कार्यक्रम में माई भारत एवं ब्रह्माकुमारीज संस्था की तरफ से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह एवं हरित पौधा भेंट कर अभिनन्दन एवं स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को माई भारत का कैप पहनाकर अभियान से जोड़ा गया। ब्रह्माकुमारीज बहन वर्णिका ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण, ब्रह्माकुमारीज संस्था के सदस्यगण, एनसीसी कैडैट्स, एनएसएस के स्वयं सेवक, आपदा मित्र, युवा भारत के स्वयं सेवक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित