, Sept. 2 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से मरीजों के रेफरल में कमी आई है तथा जिला अस्पतालों में सर्जरी की संख्या बढ़ी है। जून माह में जहां 2428 ऑपरेशन किया गया था वह बढ़कर इस माह में 8000 से अधिक हो गया है। जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों में पहले 36 प्रकार की बीमारियों की सर्जरी हो रही थी, वह बढ़कर अब 45 प्रकार की हो गई है। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि एनीमिया की जाँच का अभियान भी चल रहा है, जिसके तहत एक करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही बिहार के 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग कर उनका हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने का लक्ष्य है। इस स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे जरूरत पड़ने पर उपचार में इसका प्रभावी उपयोग किया जा सके।श्री चौधरी ने कहा कि जब परिवार स्वस्थ होगा तो परिवार खुशहाल होगा तो राज्य समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए बिहार के सभी लोगों का स्वस्थ रहना जरूरी है। बिहार के बच्चे, युवा, माता-बहनें सभी को स्वस्थ रखते हुये पूरे परिवार को स्वस्थ रखना है। सभी इस अभियान में अपना सहयोग दें, अपनी बीमारी का इलाज कराये, जिससे उसका ससमय उपचार हो सके। उन्होंने राज्य के लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने परिवार के 30 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों की स्वास्थ्य जाँच अवश्य कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े मानव संसाधन को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेजों में विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें और वे देश के अलावा विदेशों में भी उन्हें रोजगार के अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 'मिशन कायाकल्प' लाया जाएगा। इसके माध्यम से पीएचसी, एपीएचसी और सब सेंटरों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त एवं बेहतर किया जाएगा, जिससे लोगों को उनके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित