, June 16 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है और राज्य में देश की सबसे सस्ती तथा निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अगले दो वर्षों में 25 लाख गरीब परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। साथ ही सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।श्री चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा कि जिला और अनुमंडल अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा तथा डॉक्टरों की रेफर करने की प्रवृत्ति समाप्त करनी होगी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों से इलाज के लिए मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।
श्री चौधरी ने उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि उद्योग लगाने के लिए आवेदन करने वाले निवेशकों को यदि 30 दिनों के भीतर लाइसेंस नहीं मिलता है तो 31वें दिन स्वतः लाइसेंस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक राज्य के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवान शहर को व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा तथा यहां इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधी किसी भी जाति या धर्म के हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर दुग्ध उत्पादन, सब्जी उत्पादन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही हाट-बाजार की अवधारणा विकसित कर किसानों को एक ही स्थान पर अपने उत्पाद बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक मंगल पांडेय, विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल तथा पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर सांसद विजयलक्ष्मी देवी, कई विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित