, Oct. 2 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन, विचारों, संघषों और उनकी ऐतिहासिक यात्रा को समझने का बापू टावर एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इस स्मारक में बापू के जीवन के विभिन्न पड़ावों और उनके व्यक्तित्व के विविध पहलुओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह आने वाली पीढ़ियों को गांधीजी के विचारों और उनके योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। महात्मा गांधी का भी सपना था कि भारत विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए, विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को अपनाते हुए विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में हम सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में विकास, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि पटना के कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन कर उससे लगभग 50 करोड़ रूपये की आय अर्जित करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कृषि फीडरों के लिए राज्य सरकार द्वारा 5,500 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। कृषि फीडरों को सोलराइज करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और ऊर्जा क्षेत्र में सरकार के व्यय को कम किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार आज शिक्षा, संस्कृति और विरासत के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न स्थानों पर विकसित हो रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संग्रहालयों के लिए बिहार के विशेषज्ञों और सलाहकारों की सेवाएं ली जा रही हैं। यह राज्य की बढ़ती विशेषज्ञता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में उसकी भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार के सभी 38 इंजीनियरिंग कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए मात्र 10 रूपये शुल्क निर्धारित किया गया है। राज्य में 700 मॉडल स्कूल संचालित हैं, जिनमें लगभग 3.5 लाख विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन विद्यालयों के विद्यार्थियों को 'विद्यार्थी साथी ऐप' के माध्यम से 24x7 ऑनलाइन ट्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतर सहयोग मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित