, May 18 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार आपदा प्रभावित राज्य है, जहां बाढ़, अग्निकांड और भूकंप जैसी घटनाएं होती रहती हैं। ऐसी परिस्थितियों में अग्निशमन सेवा के जवान अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ उद्योगों की स्थापना भी तेजी से हो रही है, इसलिए अग्निशमन सेवा को भी आधुनिक जरूरतों के अनुरूप अपनी तैयारियां मजबूत करनी होंगी। श्री चौधरी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य 20 नवंबर 2026 तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक के उपयोग से विकास कार्यों में पारदर्शिता और लागत में कमी लाई जा सकती है तथा सभी विभागों को इस तकनीक का उपयोग करना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने पंचायत स्तर पर शुरू हो रहे "सहयोग शिविर कार्यक्रम" का भी जिक्र करते हुए कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर हर हाल में निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान अग्निशमन सेवा के जवानों ने कमांडो प्रदर्शन और वाटर सैल्यूट शो के जरिए अपनी कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया। बिहार अग्निशमन सेवा की महानिदेशक शोभा अहोतकर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित