, Oct. 26 -- श्री चौधरी ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में प्राचीन मंदिरों के विकास और जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 3,500 करोड़ रुपये की लागत से गयाजी स्थित विष्णुपद मंदिर का विकास एवं जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है। सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार के लिए भी लगभग 1,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। हजारों वर्ष प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर का विकास एवं जीर्णोद्धार भी कराया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मां मुंडेश्वरी मंदिर और गुप्ताधाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुप्ताधाम एवं मां मुंडेश्वरी के दर्शन की सुविधा शुरू की गयी है। साथ ही, कैमूर की पहाड़ियों और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए यहां इको टूरिज्म विकसित किया जा रहा है। सासाराम और कैमूर की प्राकृतिक खूबसूरती फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भी आकर्षित कर रही है।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास पर लगातार काम किया गया है। गांव-गांव तक बिजली पहुंची है और विकास की योजनाओं का विस्तार हुआ है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में बिहार में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे किसी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े। इसके लिए उद्योगों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बिहार से बाहर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों से भी अपील की कि वे अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने संतों एवं धर्माचार्यों से आशीर्वाद की कामना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार विकास के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रख्यात संत पूज्य श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद सह प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, सांसद मनोज तिवारी, विधायक भरत बिंद, विधायक श्रीमती संगीता कुमारी, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह, भारतीय जनता दल (भाजपा) के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडे, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्य प्रकाश, कैमूर के जिलाधिकारी कुमार अनुराग, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरीय पदाधिकारी, देश के विभिन्न हिस्सों से आए साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित