, Sept. 18 -- संपत्ति कर संग्रहण अभियान के तहत शुक्रवार को पटना नगर निगम के विभिन्न अंचलों में 699 संपत्तियों से कुल 45.22 लाख रुपये से अधिक संपत्ति कर का संग्रहण किया गया।पाटलिपुत्र अंचल में सर्वाधिक 159 संपत्तियों द्वारा संपत्ति कर का भुगतान किया गया, जबकि कंकड़बाग अंचल में सर्वाधिक Rs.11.71 लाख का संग्रह हुआ।
पटना नगर निगम द्वारा संपत्ति कर संवर्धन के लिए एक साथ कई स्तरों पर अभियान चलाया जा रहा है। ऊर्जा विभाग से प्राप्त बिजली उपभोक्ताओं की जानकारी के आधार पर निगम की टीम डोर-टू-डोर जाकर नई संपत्तियों का कर निर्धारण कर रही है।
वहीं, दूसरी टीम द्वारा वर्षों से संपत्ति कर का भुगतान कर रही संपत्तियों का कर पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है। तीसरी टीम द्वारा बकायेदारों से संपर्क कर लंबित संपत्ति कर की वसूली सुनिश्चित की जा रही है।
इस बहुस्तरीय अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक संपत्तियों को कर के दायरे में लाना, सही कर निर्धारण सुनिश्चित करना और संपत्ति कर संग्रहण को गति देना है।
स्थल निरीक्षण के दौरान यदि किसी निगम कर्मी अथवा अधिकारी द्वारा अनैतिक मांग या अनुचित व्यवहार किया जाता है, तो नागरिक निगम के टोल-फ्री नंबर 155305 पर अथवा संबंधित अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी के समक्ष त्वरित शिकायत दर्ज कराएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित