, May 20 -- सुरक्षा व्यवस्था के तहत कांवरिया पथ, अस्थायी शिविरों, चौमुखी महादेव मंदिर, बाबा बटेश्वरनाथ मंदिर एवं अन्य प्रमुख शिवालयों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग की विशेष व्यवस्था रहेगी।सभी प्रमुख शिविरों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन किया जाएगा तथा प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। अग्निशमन विभाग द्वारा महुआ मोड़ एवं भगवानपुर अड्डा पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि भगवानपुर स्थित अस्थायी शिविर में कांवरियों के मनोरंजन के लिये सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसकी प्रतिदिन फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। साथ ही जिला स्तर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान न केवल प्रमुख मंदिरों बल्कि छोटे-छोटे शिवालयों एवं घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में संभावित दुर्घटनाओं एवं डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिये आपदा प्रबंधन टीम को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया।उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को ट्रैफिक डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से हाजीपुर, भगवानपुर एवं गोरौल में अस्थायी शिविरों, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थलों एवं श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों पर सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविरों के लिए स्थल चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर किया जाए, जिससे बाद में किसी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि भगवानपुर स्थित शिविर राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप होने के कारण वहां विशेष सतर्कता बरती जाए तथा माइकिंग, बैरिकेडिंग एवं ट्रैफिक नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में संपन्न कराने के लिये आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित