, Aug. 17 -- नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने बिहार में ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नाबार्ड की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नाबार्ड राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के साथ मिलकर काम करने तथा आवश्यकता के अनुसार हरसंभव तकनीकी, वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभाग की प्राथमिकताओं के अनुरूप परस्पर सहयोग या साक्षा आधारित योजनाओं को आगे बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका, उद्यमिता, वित्तीय समावेशन एवं आधारभूत संरचना के विकास में सहयोग देने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने विभिन्न प्रस्तावित एवं संचालित योजनाओं की प्रगति, संभावित नए क्षेत्रों तथा आपसी सहयोग के माध्यम से बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति देने की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया।

इस दौरान बिहार में ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन, ग्रामीण आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने सहित विभिन्न क्षेत्रों में नाबार्ड एवं ग्रामीण विकास विभाग के बीच समन्वय एवं अभिसरण के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार तथा ग्रामीण विकास विभाग और नाबार्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित