, June 1 -- प्रभारी मंत्री ने सम्राट अशोक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा रामगढ़वा में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिये भूमि चिह्नित करने को कहा। उन्होंने बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर परिसर के विकास और मंदिर को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले बाईपास निर्माण की संभावनाओं पर विचार करने के निर्देश दिए। बैठक में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और प्रगति की समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि जिले की 394 पंचायतों में से 308 पंचायतों में खेल मैदान निर्माण की योजना स्वीकृत हुई थी, जिनमें 307 खेल मैदान पूर्ण हो चुके हैं। मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 99.61 प्रतिशत उपलब्धि के साथ 1.16 करोड़ से अधिक मानव दिवस का सृजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 1,06,424 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,06,281 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 27,455 आवास पूर्ण कर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों के निर्माण में जिले ने 87.12 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। 396 पंचायतों में प्रस्तावित इकाइयों में से 345 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 35 स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। जिले में 410 सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का निर्माण भी कराया गया है।
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि नगर विकास की कई योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। मोतिहारी शहर में चार सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जाने हैं, जिन पर कार्य प्रगति पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित