मुंगेर, मार्च 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में मुंगेर में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा, सरकारी नौकरी, स्वरोजगार ,कृषि उत्पादन, दुग्ध और मछली उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और शीघ्र ही विकसित राज्यों की श्रेणी में आ जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज मुंगेर में 22 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया और 87 करोड़ की 52 विकास और कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन भी किया।
इस दौरान श्री कुमार ने कहा कि उन्हें बिगड़ी हुई हालत में बिहार की बागडोर मिली थी और आज प्रदेश में कानून का शासन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की सरकार बिहार में आने से पहले प्रदेश में शाम ढलते ही नागरिक घरों में घुस जाते थे। उन्होंने कहा कि आज बिहार में कानून का राज है और नागरिक देर शाम भी निडर होकर अपने घरों से निकलते हैं।
केंद्रीय पशुपालन, मत्स्यपालन, डेयरी और पंचायती राज मंत्री एवं मुंगेर से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि श्री कुमार ने बिहार में सत्ता संभालने के बाद मुंगेर में सबसे पहले अपराध खत्म किया और कानून का राज स्थापित किया। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने मुंगेर में राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल और कई तकनीकी संस्थानों की स्थापना की और मुंगेर को समृधि के रास्ते पर मोड़ दिया।
कार्यक्रम के दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में नीतीश सरकार ने आर्थिक विकास के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार का बजट 23000 करोड़ का था, जबकि 20 वर्षों के नीतीश कुमार के शासन के बाद यह बजट तीन लाख 17 हजार करोड़ तक पहुंच गया है।
कार्यक्रम में मंत्री विजय चौधरी, मुंगेर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक कुमार प्रणय, जमालपुर के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक नचिकेता मंडल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता और अन्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित