पटना , अक्टूबर 26 -- बिहार लोक सेवा आयोग ने चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के तहत 33,320 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, अब अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग ने यह निर्णय विज्ञापन संख्या 15/2026 की कंडिका-3 के नोट (i) के तहत उच्चतम न्यायालय में दायर विशेष अनुमति याचिका (सिविल) डायरी संख्या 28464/2025, रमन कुमार मंडल एवं अन्य बनाम बिहार राज्य एवं अन्य मामले में एक अगस्त 2025 को पारित आदेश के आलोक में लिया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 2 नवंबर 2026 तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 3 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित