पटना , जून 27 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने जम्मू एवं कश्मीर प्रवास के दौरान शनिवार को उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर दोनों के बीच आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। वार्ता के दौरान जम्मू एवं कश्मीर में हो रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
इस मुलाकात में आगामी 3 जुलाई से प्रारंभ होने वाली 'श्री अमरनाथ यात्रा' की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। माननीय उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्रा की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं तथा प्रशासन की ओर से किए जा रहे व्यापक प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी यात्रा सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने जम्मू एवं कश्मीर में विकास की गति तथा तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकता का सशक्त प्रतीक है। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी के समन्वित प्रयास से इस यात्रा का सफल आयोजन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित