, Oct. 22 -- पटना जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 80 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 126 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए 42 उड़नदस्ता दल, 11 जोनल दंडाधिकारी और छह सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी मतदान भवनों पर स्थिर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।
दियारा क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए छह अश्वारोही दल तैनात किए गए हैं। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन अथवा किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने मतदान कर्मियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में मोटरसाइकिल त्वरित कार्रवाई दल तैयार रखने तथा डायल-112 के वाहनों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कराने को कहा। किसी भी असामान्य गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष या वरीय पदाधिकारी को देने का निर्देश भी दिए गये हैं।
इस चुनाव के दौरान निर्वाचन से संबंधित शिकायतों और आवश्यक जानकारी के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष, पटना का दूरभाष नंबर 2999774 है। पटना सदर अनुमंडल के लिए 2999714, दानापुर के लिए 2999745, पालीगंज के लिए 2999754, मसौढ़ी के लिए 2999761, बाढ़ के लिए 2999762 और पटना सिटी अनुमंडल के लिए 2999769 नंबर जारी किए गए हैं। निर्वाचन से संबंधित व्यक्ति इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित