पटना , सितंबर 29 -- बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से मंगलवार को जारी सूची में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा ने पटना शिक्षक, कोसी स्नातक और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मौजूदा प्रतिनिधियों पर फिर भरोसा जताया है। वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।

भाजपा की सूची जारी होने के साथ ही आठों सीटों पर चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं।

जदयू ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है।

राजद ने भी छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। इनमें पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित