पटना , अक्टूबर 26 -- िहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में मतों की गिनती के लिए निर्वाचन आयोग ने आठ मतगणना केंद्र निर्धारित किए हैं।

राज्य के छह जिला मुख्यालयों में बनाए गए इन केंद्रों पर आठ निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती की जाएगी। पटना, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना की व्यवस्था की गई है।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पटना के विज्ञान भवन में होगी, जबकि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती इसी विद्यालय के मुख्य भवन में की जाएगी।

इसी तरह तिरहुत शिक्षक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना मुजफ्फरपुर प्रौद्योगिकी संस्थान (एमआईटी), मुजफ्फरपुर के प्रशासनिक भवन में होगी। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक ही भवन को मतगणना केंद्र बनाया गया है।

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना दरभंगा स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन की दूसरी मंजिल पर होगी, जबकि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती इसी भवन की पहली मंजिल पर की जाएगी।

आयोग के अनुसार, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्णिया स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय को मतगणना केंद्र बनाया गया है। वहीं, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना छपरा स्थित एसवीएन राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में होगी।

कुल मिलाकर पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और सारण जिले के छह जिला मुख्यालयों में आठ निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना की व्यवस्था की गई है। इनमें चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित