पटना , अक्टूबर 24 -- बिहार विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को संपन्न हुए मतदान के बाद निर्वाचन आयोग की ओर से आज जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 82.85 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 53.42 प्रतिशत मतदान हुआ।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी की सीटों पर मतदान हुआ। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा की सीटों के लिए वोट डाले गए।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में 57.56 प्रतिशत, तिरहुत में 48.51 प्रतिशत, दरभंगा में 54.73 प्रतिशत और कोसी में 54.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन चारों सीटों पर कुल मतदान प्रतिशत 53.42 रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित