पटना , मार्च 30 -- बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।
श्री सिंह ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने उन्हें विधानपरिषद की सदस्यता से इस्तीफा सौंपा था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि राज्यसभा के लिए चुनाव के बाद इस्तीफा देने की प्रक्रिया स्थापित संसदीय परंपराओं के अनुसार पूरी की गई है और आगे की प्रक्रिया नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी।
विधान परिषद के सभापति ने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सीट को रिक्त घोषित कर दिया जाएगा और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सुबह हुई अपनी बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि इस्तीफा संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह संसदीय प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक परामर्श किया जा चुका है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही इसे पूरा किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित