पटना , जून 11 -- िहार विधान परिषद के सदस्य एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित सभी 10 सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार विधान परिषद राज्य की लोकतांत्रिक एवं विधायी व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण सदन है। उन्होंने कहा कि एक सदस्य के रूप में उन्हें विश्वास है कि नव निर्वाचित सभी सदस्य सदन की समृद्ध परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने कहा कि विधान परिषद में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभव और विशेषज्ञता का प्रतिनिधित्व होता है, जिससे नीतियों एवं विधेयकों पर गंभीर और सार्थक विमर्श संभव हो पाता है। नव निर्वाचित सदस्यों के आने से सदन की कार्यक्षमता और विमर्श की गुणवत्ता और अधिक सशक्त होगी।
डॉ. सुमन ने विशेष रूप से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि वे बिहार के विकास, सामाजिक न्याय, सुशासन तथा जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। साथ ही उन्होंने अन्य सभी निर्वाचित सदस्यों के सफल एवं जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यकाल की भी शुभकामनाएं दीं।उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर बिहार की प्रगति, युवाओं के भविष्य, किसानों के हित और राज्य के समग्र विकास के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित