पटना , जून 08 -- बिहार विधान परिषद की नौ द्विवार्षिक सीटों तथा एक उपचुनाव सीट के लिए सोमवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए।
राजग ने कुल नौ उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जिनमें चार-चार उम्मीदवार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं, जबकि एक उम्मीदवार लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का है। वहीं महागठबंधन खेमे से राजद ने एक उम्मीदवार को नामित किया है।
जदयू उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के अलावा भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति तथा उपचुनाव सीट के लिए ललन प्रसाद ने विधानसभा सचिवालय में नामांकन दाखिल किया।
भाजपा उम्मीदवार संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर, शीला पंडित और भोजपुरी फिल्म अभिनेता से राजनेता बने पवन सिंह ने भी अपने नामांकन पत्र जमा किए। इसके अलावा लोजपा (रामविलास) की ओर से अशरफ अंसारी तथा महागठबंधन के प्रमुख घटक राजद की ओर से डॉ. सुनील कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किये हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित